नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे देश में इसकी धूम है । हर तरफ आजादी के बज रहे हैं वहीं गलियों गलियों में तिरंगा लहरा रहा है। वहीं 77वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्र को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति भवन की ओर से बताया गया है कि यह संबोधन आकाशवाणी के राष्ट्रीय नेटवर्क पर शाम 7 बजे से प्रसारित किया जाएगा। इसे दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी में और उसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा।
दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनल द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाएगा। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है।
लाल किले पर होगा भव्य कार्यक्रम
इस बार लाल किले पर आयोजित होने वाले 77वें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की संभवना है, क्योंकि इस बार के कार्यक्रम में कोविड-19 को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं हैं। ऐसे में यह कहा जा रहा है कि अधिक से अधिक लोग इस समारोह को देखने पहुंचेंगे।
वहीं केंद्र सरकार ने पीएम किसान योजना के लाभार्थियों समेत 1,800 विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया है। जबकि इसके अलावा, प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से 75 जोड़ों को भी उनकी पारंपरिक पोशाक में लाल किले पर समारोह देखने के लिए आमंत्रित किया गया है।
400 से अधिक सरपंच होंगे शामिल:
लाल किले पर समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित विशेष अतिथियों की बात करें तो इसमें देश के 660 से अधिक गांवों के 400 से अधिक सरपंच शामिल होंगे। वहीं किसान उत्पादक संगठन योजना से 250; प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के 50-50 प्रतिभागी इस कार्यक्रम में शामिल होकर देश के गौरव तिरंगा को निहारेंगे।
सरकार ने नई संसद भवन सहित सेंट्रल विस्टा परियोजना के 50 श्रम योगी (निर्माण श्रमिक); 50-50 खादी कार्यकर्ताओं, सीमा सड़कों के निर्माण, अमृत सरोवर और हर घर जल योजना में शामिल लोगों के साथ-साथ प्राथमिक विद्यालय के 50-50 शिक्षकों, नर्सों और मछुआरों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे में भी मौजूद रहेंगे ।
पीएम मोदी ने डीपी में तिरंगा लगाने की अपील की:
गणतंत्र दिवस को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों से सोशल मीडिया खातों की डीपी तिरंगा लगाने की अपील की है। यही नहीं पीएम मोदी खुद ऐसा कर चुके हैं ।
उन्होंने लोगों से तिरंगे के साथ अपनी तस्वीरें www.harghartiranga.com पर अपलोड करने का भी आग्रह किया है। यही वजह है कि केंद्र सरकार के तमाम मंत्रालयों व कार्यालयों के सोशल मीडिया एकाउंट का डीपी बदलकर तिरंगा हो गया है। इसके साथ ही कई मंत्रियों ने भी अपना डीपी बदलकर तिरंगा लगा लिया है।

