सेंट्रल डेस्क : भारत और कनाडा के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ने का बुरा असर दोनों देशों के आर्थिक संबंधों पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही कोई तात्कालिक असर न हो, लेकिन विवाद लंबा खिंचने पर कारोबार पर विपरीत असर पड़ेगा। राजनीतिक वजहों से दोनों देशों के बीच शुरुआती व्यापार समझौते पर चल रही बातचीत रद्द हो चुकी है, जो अंतिम अवस्था में थी। दोनों देशों को उम्मीद थी कि इस साल के अंत तक समझौते को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। विश्व व्यापार संगठन में भारत के राजदूत रह चुके जयंत दासगुप्ता ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौता पटरी से उतरने का दोनों देशों पर विपरीत असर पड़ेगा। भारत और कनाडा के बीच अब तक के व्यापारिक संबंध अच्छे रहे हैं। भारत कनाडा का 10वां ट्रेडिंग पार्टनर रहा है। दोनों देशों के बीच आयात-निर्यात लगभग बराबर के हैं।

दोनों देशों के बीच व्यापार
इन्वेस्ट इंडिया के अनुसार, अप्रैल 2000 से मार्च 2023 तक लगभग 3,306 मिलियन डॉलर के कुल निवेश के साथ कनाडा भारत में 18वां सबसे बड़ा विदेशी निवेशक है। भारत में कनाडाई निवेश कुल एफडीआई का लगभग 0.5 प्रतिशत है। कनाडा के वैश्विक व्यापार में भारत का 2 प्रतिशत हिस्सा है।
2022 में भारत कनाडा का नौवां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार था। वित्त वर्ष 2021-22 में दोनों देशों के बीच 7 अरब डॉलर का व्यापार हुआ था। चालू वित्त वर्ष यानी 2022-23 के शुरुआती छह महीनों में ही दोनों देशों के बीच 8.16 अरब डॉलर का व्यापार हो चुका है। वहीं भारत का कनाडा से इंपोर्ट 4.17 अरब डॉलर यानी 35 हजार करोड़ से कुछ कम रहा है। इन्वेस्ट इंडिया के अनुसार, भारत में 600 से कनाडाई कंपनियां काम कर रही हैं और 1,000 से ज्यादा कनाडाई कंपनियां भारतीय बाजार में कारोबार कर रही हैं।
भारत कनाडा को क्या-क्या निर्यात करता है?
भारत कनाडा को हीरे-जवाहरात, बहूमूल्य रत्न, दवाईयां, उपभोक्ता वस्तुएं, गारमेंट्स, इंजीनियरिंग उत्पादों जैसे ऑटो पार्ट्स, विमान उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात करता है। भारत और कनाडा के बीच व्यापार आसान होने की वजह से भारत ने वहां बड़ा निवेश किया है। कनाडा के साथ संबंध बिगड़ने पर वहां नौकरी-धंधे पर भी असर होगा। भारत कनाडा से कृषि और बागबानी से जुड़े उत्पाद खरीदता है।
READ ALSO : बिहार में महिला दारोगा से आपत्तिजनक चैटिंग डीएसपी को पड़ी महंगी, लटकी निलंबन की तलवार
कनाडा भारत को क्या बेचता है?
भारत कनाडा से दाल, न्यूजप्रिंट, कोयला, फर्टीलाइजर, दालें, पोटाश, लकड़ी, माइनिंग प्रोडक्ट और एल्युमीनियम जैसे सामान इंपोर्ट करता है। भारत कनाडा से दाल की सबसे ज्यादा खरीदारी करता है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि भारत और कनाडा के बीच ताजा तनाव से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश पर असर पड़ने की संभावना नहीं है क्योंकि आर्थिक संबंध व्यावसायिक विचारों से प्रेरित होते हैं।

