Home » Gumla : पत्नी की हत्या कर पति ने 30 किलोमीटर पैदल चलकर थाने में किया सरेंडर

Gumla : पत्नी की हत्या कर पति ने 30 किलोमीटर पैदल चलकर थाने में किया सरेंडर

by Rohit Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला : गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र के पाहन टोली सारु बेरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार देर रात पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी का गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पति पैदल ही 30 किलोमीटर दूर थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। मृतका की पहचान कार्सेसिया केरकेट्‌टा (47) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति फूलचंद केरकेट्‌टा (52) पुलिस की गिरफ्त में है।

शराब पीते वक्त हुआ विवाद

घटना के बारे में जानकारी देते हुए मृतका के बेटे अश्विन केरकेट्‌टा ने बताया कि बुधवार को माता-पिता पोजेंगा बाजार गए थे। बाजार में दोनों ने शराब पी और कुछ शराब घर भी ले आए। रात में वे पड़ोस की दो महिलाओं के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर माता-पिता के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया। विवाद के दौरान फूलचंद ने गुस्से में कुल्हाड़ी से पत्नी का गला काट दिया। यह देख पास में बैठी दोनों महिलाएं वहां से भाग गईं।

हत्या के बाद आरोपी ने बेटे को जगाया

हत्या के बाद फूलचंद अपने बेटे के पास गया और उसे जगाकर बताया कि उसने उसकी मां की हत्या कर दी है। इसके बाद वह पैदल ही थाने के लिए निकल गया। घटना की जानकारी मिलने पर पालकोट थाना प्रभारी मोहम्मद जहांगीर ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया है।

नशे की हालत में वारदात

घटना की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ नजीर अख्तर ने बताया कि आरोपी ने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Related Articles