श्रीनगर: बदहाली से तंग पड़ोसी देश पाकिस्तान अपने नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा। धारा 370 हटाए जाने के बाद जम्मू कश्मीर में कमजोर हो चुकी आतंकवाद की नस्ल को नए सिरे से पोषित पल्लवित करने की साजिश रची जा रही है। भारतीय सेना ने समय रहते इसका मुंह तोड़ जवाब दिया है। भारतीय सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान से हमारी सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। इसके साथ ही पड़ोसी मुल्क की ओर से की गई घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम हो गई है।

घुसपैठ करने के लिए पड़ोसी देश ने की फायरिंग
पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में फायरिंग की। यह गोलीबारी घुसपैठ की मंशा से नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश कर रहे आतंकवादियों की सहायता के लिए कवर फायर के रूप में की गई। इस दौरान भारतीय सेना के ड्रोन को भी निशाना बनाया, लेकिन भारतीय सेवा ने अपने शौर्य और पराक्रम के दम पर पाक की नापाक हरकत पर तत्काल के लिए ब्रेक लगा दिया। भारतीय सेना के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे षडयंत्र का किया खुलासा
उत्तर कश्मीर के उरी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय सेना के ब्रिगेडियर पी.एम.एस. ढिल्लों ने बताया कि पाकिस्तान स्थित संगठनों द्वारा घुसपैठ के प्रयासों के बारे में खुफिया जानकारी मिली। इसके बाद नियंत्रण रेखा के पास उरी सेक्टर के हथलंगा में शनिवार तड़के अभियान शुरू किया गया। इसमें भारतीय सेना को बड़ी सफलता मिली।
उन्होंने बताया कि हमें खुफिया जानकारी मिल रही थी कि पाकिस्तानी संगठन जम्मू-कश्मीर में शांति को अस्थिर करने के लिए उरी में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए, हमने घुसपैठ रोधी और निगरानी ग्रिड को मजबूत किया है।
शनिवार सुबह 6.40 बजे खराब मौसम के बावजूद हथलंगा इलाके में तीन से चार आतंकवादियों को नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश करते हुए देखा गया। इसके बाद तत्काल सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। दो घंटे तक गोलीबारी जारी रही।
अधिकारी ने कहा कि सेना ने आतंकवादियों को अंततः मार गिराया। इस अभियान के लिए सेना ने अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल), मल्टी ग्रेनेड लॉन्चर (एमजीएल) और रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किया।
छिपाने का प्रयास कर रहे थे आतंकवादी
सेना की ओर से बताया गया कि कार्रवाई के दौरान पहले एक आतंकवादी को ढेर कर दिया गया। इसके बाद हमला करने वाले दल को एहसास हुआ कि दो घायल आतंकवादियों ने अपना स्थान बदला है। सुबह लगभग 9.15 बजे उनके साथ दल की दूसरी बार मुठभेड़ हुई। यह लगभग आधे घंटे तक जारी रही। इस दौरान एक और आतंकवादी को मार गिराया गया।’’
ब्रिगेडियर ढिल्लों ने कहा कि तीसरे घायल आतंकवादी की घुसपैठ में मदद करने के लिए पास की पाकिस्तानी चौकी से गोलीबारी की गयी।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना की चौकी से हमारी ओर गोलीबारी की। उन्होंने हमारे ड्रोन पर भी गोलीबारी की। सेना ने कहा कि हमारे अनुमान के अनुसार, घायल आतंकवादी ने पाकिस्तानी चौकी से लगभग 300 मीटर दूर सामान्य क्षेत्र में दम तोड़ दिया। मौसम बहुत खराब है, इलाके में तलाश जारी है।
तीसरी शव की हो रही तलाश
सेना के अधिकारी ने कहा कि अभियान में पाकिस्तान के तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है। दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि पाकिस्तान कैसे आतंकवादियों की मदद करता है।
यह हथियार हुए बरामद
सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के पास से एके-47 और एके-74 राइफल, सात मैगजीन, एक पांच किलो की आईईडी , कुछ गोला-बारूद, एक चीनी पिस्तौल और कुछ ग्रेनेड के साथ भारतीय और पाकिस्तानी मुद्रा भी बरामद की है।
READ ALSO: नाइजर में सैन्य शासन ने फ्रांसीसी राजदूत को बनाया बंधक, दोनों देशों में बढ़ा तनाव

