RANCHI: एशियन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों ने मंगलवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। इस अवसर पर झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक के नेतृत्व में खिलाड़ी दिनेश कुमार, रेशमा कुमारी और बसंती कुमारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
दिल्ली में किया गया था आयोजन
उन्होंने इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताते हुए खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। बता दें कि 6 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तक दिल्ली में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में इन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में दिनेश कुमार ने दो स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। वहीं रेशमा कुमारी ने एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। बसंती कुमारी ने महिला अंडर-25 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

