RANCHI: अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की पहल से ईटकी और मांडर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई दिशा तय हो रही है। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि इस पहल से क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। सोमवार को ईटकी में फाउंडेशन द्वारा संचालित सीबीएसई इंग्लिश मीडियम स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी के उद्घाटन के बाद मंत्री ने कहा कि यह केवल शुरुआत है, जो आगे चलकर बड़े बदलाव का आधार बनेगी। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताया। उन्होंने बताया कि वर्तमान ओपीडी को भविष्य में 1300 बेड वाले आधुनिक अस्पताल में विकसित किया जाएगा, जहां लोगों को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी।
साथ ही प्लस-2 स्कूल, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय को एक ही परिसर में स्थापित करने की योजना भी बनाई गई है, जिससे ईटकी को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के प्रमुख आधार हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि इस परियोजना से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक ईटकी यक्ष्मा आरोग्यशाला के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह क्षेत्र शिक्षा और स्वास्थ्य के हब के रूप में उभरेगा। कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टरों ने लगभग 100 लोगों की जांच कर उन्हें परामर्श और निःशुल्क दवाएं प्रदान कीं।

