Home » प्रसूता की मौत पर बाघमारा में दिनभर बवाल, गोमो-हरिणा मुख्य मार्ग जाम, सांसद के हस्तक्षेप के बाद रात 11 बजे हटे प्रदर्शनकारी, अस्पताल प्रबंधक पर केस दर्ज

प्रसूता की मौत पर बाघमारा में दिनभर बवाल, गोमो-हरिणा मुख्य मार्ग जाम, सांसद के हस्तक्षेप के बाद रात 11 बजे हटे प्रदर्शनकारी, अस्पताल प्रबंधक पर केस दर्ज

डुमरा हीरक मार्ग स्थित अनवित हेल्थ केयर पर इलाज में लापरवाही का आरोप, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने डीसी-एसपी से की बात, जांच के बाद होगी कार्रवाई।

by Reeta Rai Sagar
Dhanbad News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Katras/Baghmara (Dhanbad/Jharkhand) : झारखंड के धनबाद जिले के ​बाघमारा थाना क्षेत्र के डुमरा हीरक मार्ग स्थित अनवित हेल्थ केयर हास्पिटल में सोमवार देर रात एक प्रसूता की मौत हो गई। इसे लेकर मंगलवार को यहां दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही। मृतका के परिजनों व ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और गोमो-हरिणा मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर सड़क जाम कर दिया। दिनभर अस्पताल में हंगामा होता रहा और मार्ग जाम रहा। इससे इस मार्ग पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। इस दौरान रात में स्थानीय सांसद ने भी अस्पताल पहुंच कर मृतका के परिजनों से मुलाकात की।

दिनभर गतिरोध और सड़क जाम के बाद, रात करीब 11 बजे बाघमारा के सीओ गिरजानंद किस्कू और बीडीओ लक्ष्मण यादव ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तब गोमो-हरिणा मुख्य मार्ग से सड़क जाम हटा और धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ। ​हालांकि, समाचार लिखे जाने तक अस्पताल परिसर मृतका के परिजनों व ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त नहीं हो सका है। वे शव को अस्पताल से बाहर निकालने नहीं दे रहे हैं। इस कारण प्रशासन भी अस्पताल को सील करने की कार्रवाई पूरी नहीं कर पा रहा है।

मुआवजा और कार्रवाई की मांग

सोमवार देर रात आमटांड़ रामकुंडा निवासी संजय महतो की पत्नी गीता कुमारी (करीब 21 वर्ष) की मृत्यु हो गई थी। उसके बाद मृतका के परिजन व ग्रामीण काफी संख्या में अस्पताल पहुंचे और मुआवजे तथा अस्पताल प्रबंधन पर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल को घेर लिया।

​प्रखंड सह अंचल मुख्यालय में सुबह से देर शाम तक कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। दोपहर तक हल नहीं निकलता देख उग्र ग्रामीणों ने दोपहर दो बजे हरिणा चौक को चारों तरफ से जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं सड़क पर बैठ और सो गईं। इस कारण गोमो, डुमरा, चंद्रपुरा और कतरास मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर टायर भी जलाए, जिससे चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों से प्रदर्शनकारियों की झड़प भी हुई।

10 लाख मुआवजा व कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन व ग्रामीण

​प्रखंड कार्यालय में सीओ गिरजानंद किस्कू, बीडीओ लक्ष्मण यादव, बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार और प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डा. श्रीनाथ की मौजूदगी में अस्पताल प्रबंधन के साथ वार्ता शुरू हुई। अस्पताल की ओर से डॉ. आशीष कुमार मौजूद थे, जबकि परिजनों का प्रतिनिधित्व गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के प्रतिनिधि सुभाष रवानी, गिरधारी महतो, मुखिया रिंकू महतो और जेकेएलएम नेता राजा दास कर रहे थे। वार्ता में अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई के साथ 10 लाख रुपए मुआवजे की मांग की गई।

​परिजनों का आरोप, डिस्चार्ज के बाद बिगड़ी तबीयत, रेफर के दौरान मौत

मृतका के परिजनों ने बताया कि गीता देवी को 26 अक्टूबर को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उसी दिन आपरेशन से उन्हें पुत्री हुई थी। सोमवार को महिला को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। घर जाते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। तत्काल उन्हें दोबारा अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। आरोप है कि दूसरे अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। स्वजनों ने इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि शाम के बाद अस्पताल में कोई डाक्टर मौजूद नहीं रहता था।

​अस्पताल प्रबंधन का पक्ष

डिलीवरी के बाद महिला को डिस्चार्ज कर दिया गया था। स्वजन उसे घर ले गए थे। महिला खुद चलकर अपने घर गई थी। फिर घर में उसकी तबीयत कैसे बिगड़ी यह जांच के बाद ही पता चल सकता है। इलाज में कोई लापरवाही नहीं हुई है। डॉ. आशीष कुमार, अस्पताल प्रबंधन

सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी पहुंचे, डीसी-एसपी से की बात

शाम साढ़े सात बजे गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी स्वयं आंदोलनस्थल पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत फोन पर उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक से बात कर उचित कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद उन्होंने सीओ से भी बात की और अस्पताल जाकर स्वजनों से मिलकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अस्पताल को सील कर मामला दर्ज हो : सांसद

​इस अस्पताल की लगातार शिकायत मिल रही है। इलाज में घोर लापरवाही बरतने की शिकायत लगातार आती रहती है। फर्जी कागजात पर भाड़े के मकान में अस्पताल चलाया जा रहा है। जिसकी जांच होनी चाहिए। प्रशासन अस्पताल को सील कर मामला दर्ज करे। — चंद्रप्रकाश चौधरी, सांसद, गिरिडीह

प्रबंधक डॉ. आशीष कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

दिनभर चले आक्रोश और सांसद के हस्तक्षेप के बाद, मृतका के पति संजय कुमार महतो की शिकायत पर बाघमारा पुलिस ने अनवित हेल्थ केयर के प्रबंधक डा. आशीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Chaibasa JMM News : झामुमो के पूर्व जिला संयुक्त सचिव पर पार्टी के Fecebook पेज पर अश्लील फोटो पोस्ट करने के आरोप, थाने में शिकायत

Related Articles