RANCHI: राज्य में निकाय चुनाव की घोषणा के बाद लागू आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप बीजेपी ने लगाया है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचा और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव ने किया। भाजपा ने आरोप लगाया है कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद राज्य सरकार के इशारे पर मंइयां योजना’ से जुड़ी खबरें राज्य के सभी प्रमुख अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित करवाई गईं। इन खबरों में योजना की लाभुक महिलाओं को बिना गारंटी 20 हजार रुपये तक का लोन दिए जाने की जानकारी दी गई है। यह पूरी तरह से चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास है।

सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता प्रभावी हो जाती है, लेकिन राज्य सरकार इसे मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मंइयां योजना को चुनाव से जोड़कर महिला मतदाताओं को प्रलोभन देने का प्रयास कर रही है, जो निष्पक्ष चुनाव की भावना के विरुद्ध है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग से मांग की कि इस खबर के प्रकाशन के पीछे जिम्मेदार अधिकारी या पदाधिकारी की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराए, जबकि भाजपा लगातार इसकी मांग करती रही है। आयोग ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में अशोक बड़ाईक और सीमा सिंह भी शामिल थे।

