
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित दुर्गा पूजा मैदान को घेरने को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का जबरदस्त विरोध देखने को मिला। टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों द्वारा दुर्गा पूजा मैदान की घेराबंदी करने और वहां ट्रकों की पार्किंग कराने का विरोध करते हुए भाजपा ने काम रुकवा दिया।
क्या है मामला?
दरअसल, टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा दुर्गा पूजा मैदान के आसपास ट्रकों और ट्रेलरों की पार्किंग की योजना बनाई जा रही थी। इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि बर्मामाइंस इलाके में कई स्कूल, कंपनियां और रिहायशी इलाके हैं, जहां आम लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में ट्रकों और ट्रेलरों की पार्किंग से सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है।
भाजपा का आरोप और विरोध
भा.ज.पा. नेताओं का कहना है कि यह क्षेत्र 1932 से दुर्गा पूजा का आयोजन स्थल रहा है और यदि यहां पार्किंग की व्यवस्था की जाती है तो पूजा के आयोजन में भी भारी दिक्कतें आएंगी। विरोध के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों से इस मामले पर चर्चा करने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों से कोई बातचीत नहीं हो पाई।
क्या था पहले का विवाद?
इससे पहले भी टाटा स्टील द्वारा इस मैदान को घेरने की योजना बनाई गई थी, जिसमें पार्क बनाने का प्रस्ताव था। लेकिन अब इस मैदान को पार्किंग स्थल में बदल दिया गया है, जिसे स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता अपने इलाके की सुरक्षा और पूजा के आयोजन में अड़चन के रूप में देख रहे हैं। विरोध के बीच मामला अभी भी तूल पकड़ रहा है और भाजपा कार्यकर्ता टाटा स्टील के इस कदम के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
Read Also- Jharkhand Dhanbad : देह व्यापार के आरोप में महिला को पांच साल की सजा, जुर्माना भी

