गिरिडीह : गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सीहोडीह गांव में मंगलवार को पुलिस ने एक युवक का शव कुएं से बरामद किया। शव की पहचान सीहोडीह निवासी अशोक वर्मा के रूप में हुई है। यह युवक पिछले पांच दिनों से लापता था।

कुएं से शव मिलने के बाद मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों ने जब कुएं से बदबू आते महसूस किया, तो वहां शव देखा। इसके बाद गांव के मुखिया संदीप शर्मा ने घटना की जानकारी गिरिडीह मुफ्फसिल थाना पुलिस को दी। साथ ही इसकी सूचना पूरे क्षेत्र में फैल गयी, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना पाकर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। उसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पांच दिनों से लापता था और अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसका शव कुएं में कैसे पहुंचा।
हत्या का आरोप
इस घटना में मुखिया संदीप शर्मा ने हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही उन्होंने पुलिस से मामले की जांच की मांग की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले का सच सामने आ सकेगा। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

