Bokaro: झारखंड के बोकारो जिले में चास थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने सोमवार को फौरन कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस घटना से जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्व मुखिया शिवलाल केवट, लक्ष्मण केवट, रंजीत केवट और मंटू गोप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन सभी ने चास थाना प्रभारी प्रकाश मंडल सहित पुलिस बल पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
चास के डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुपुनकी आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसी दौरान, सूचना मिली कि फोरलेन से आश्रम जाने वाली सड़क पर कुछ लोग राहगीरों को परेशान कर रहे हैं। सूचना की जांच के लिए जब थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने अचानक उग्र होकर हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि आत्मरक्षा में थाना प्रभारी को अपनी पिस्टल तक निकालनी पड़ी। हालात बिगड़ते देख आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, जेल भेजे गए पूर्व मुखिया शिवलाल केवट के पुत्र ने आरोप लगाया है कि उनके पिता निर्दोष हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कानून के दायरे में निष्पक्ष रूप से की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: Ranchi News : ऑपरेशनल कारणों से रांची एयरपोर्ट पर चार उड़ानें रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी

