Home » Border-Gavaskar Trophy : पर्थ टेस्ट में भारत की पहली पारी 150 रनों पर सिमटी

Border-Gavaskar Trophy : पर्थ टेस्ट में भारत की पहली पारी 150 रनों पर सिमटी

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पर्थ : बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारत की बल्लेबाजी पूरी तरह से संघर्ष करती नजर आई। भारतीय टीम की पहली पारी 150 रनों पर सिमट गई। ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी ने भारत के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन उनके प्रयास भी पूरी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं थे।

भारत की खराब शुरुआत और विकेटों की झड़ी

भारतीय कार्यवाहक कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन उनकी टीम की शुरुआत ही खराब रही। तीसरे ओवर में ही आस्ट्रेलिया के मिचेल स्टॉर्क ने भारत का पहला विकेट गिराया, जब यशस्वी जयसवाल को 5 रन के कुल स्कोर पर आउट किया। इसके बाद जोश हेजलवुड ने देवदत्त पडिकल को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। विराट कोहली भी केवल 5 रन बनाकर हेजलवुड के शिकार बने।

केएल राहुल को विवादास्पद फैसले का सामना

भारत की स्थिति और भी खराब हुई जब केएल राहुल विवादास्पद अंपायरिंग फैसले का शिकार बने। मिचेल स्टॉर्क की गेंद पर राहुल के बैट और पैड से टकराई, जिस पर अपील की गई थी। मैदानी अंपायर ने नॉट आउट दिया, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने रिव्यू लिया। थर्ड अंपायर के फैसले से राहुल को आउट करार दिया गया, हालांकि रिव्यू का एंगल साफ नहीं था। राहुल ने 26 रन बनाये। इस फैसले से न केवल राहुल, बल्कि कमेंट्री कर रहे संजय मांजरेकर और वसीम अकरम भी नाखुश थे।

पंत-नीतीश का संघर्ष, भारत का स्कोर 150 तक पहुंचा

राहुल के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर भी जल्दी आउट हो गए। इस बीच, ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी ने सातवें विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी की और भारत का स्कोर 120 के पार पहुंचाया। 121 के कुल स्कोर पर पंत को पैट कमिंस ने स्टीवन स्मिथ के हाथों कैच कराकर भारत की पारी को एक और झटका दिया। पंत ने 37 रन बनाये।

इसके बाद हर्षित राणा और जसप्रीत बुमराह भी जल्दी आउट हो गए। नीतीश रेड्डी ने अपनी पारी में तेजी से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन वह 150 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। नीतीश ने 41 रन बनाए। मोहम्मद सिराज बिना खाता खोले नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जोश हेजलवुड ने 4 विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टॉर्क, पैट कमिंस और मिचेल मॉर्श ने 2-2 विकेट लिये।

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें जोश हेजलवुड की गेंदबाजी सबसे प्रभावी रही। हेजलवुड ने 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया, जबकि स्टॉर्क, कमिंस और मॉर्श ने भी 2-2 विकेट लेकर भारतीय पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

Related Articles