फुसरो/बेरमो : बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोरी स्टाफ क्वार्टर के ब्लॉक नंबर 8 स्थित क्वार्टर संख्या 115 में रविवार की देर शाम CCL कर्मी छोटू कुमार (32 वर्ष) का शव फंदे से लटका (CCL Worker Death Bokaro) हुआ मिला। घटना के बाद उसकी पत्नी चांदनी देवी ने स्वजनों और स्थानीय लोगों की मदद से फंदे से उतारकर केंद्रीय अस्पताल ढोरी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की मां कबूतरी देवी ने अस्पताल में रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया है। उन्होंने अपनी बहू चांदनी देवी, ससुर, सास और साला अमित कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही बेटे पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाया गया था।
कबूतरी देवी के अनुसार, छोटू ने कई बार उन्हें बताया था कि चांदनी देवी और उसके परिजन उसे जान से मारने की धमकी देते थे। उन्होंने इस मामले में बेरमो थाना में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
CCL Worker Death Bokaro : पत्नी ने आत्महत्या की बात कही
दूसरी ओर, मृतक की पत्नी चांदनी देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि रविवार दोपहर खाना खाने के बाद वह क्वार्टर के बाहर वाले कमरे में आराम कर रही थी, जबकि उसका पति अंदर के कमरे में था। जब उसने आवाज लगाई और कोई जवाब नहीं मिला तो अंदर जाकर देखा। वहां छोटू पंखे के हुक में दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ था।
चांदनी देवी ने कहा कि उसने तुरंत लोगों की मदद से पति को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि इसमें परिवार या अन्य किसी का कोई दोष नहीं है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी पाकर बेरमो थाना के एसआई सचिन रोशन और एएसआई मनोहर मंडल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।
मृतक अमलो परियोजना में कार्यरत था
मृतक अमलो परियोजना में कैटेगरी वन मेंटेनेंस के पद पर कार्यरत था। वह अपनी मां-पिता से अलग पत्नी और ससुराल वालों के साथ ढोरी स्टाफ क्वार्टर में रह रहा था। मृतक अपने पीछे तीन बेटियों को छोड़ गया है।

