Chaibasa (Jharkhand) : पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। शुक्रवार शाम चाईबासा-सेंरेंगसिया मुख्य सड़क पर सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन के पास मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
एक मृतक की शिनाख्त, दूसरे की नहीं
मृतकों में से एक की पहचान शिवा बिरूली (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिंगतोपांग निवासी था। दूसरे युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई है, जिसकी उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिस कारण लोग हमेशा सशंकित रहते हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और नियमों का पालन करें, ताकि ऐसी दुर्घटनाएं न हों। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए शनिवार को चाईबासा सदर अस्पताल भेजा जाएगा।

