चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुई बोरिंग गाड़ी चोरी के एक मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। 9 जनवरी को तमिलनाडु के नामाकल जिला अंतर्गत थाना वेला गौडापट्टी क्षेत्र के ग्राम आकलमपट्टी निवासी एस राजशेखर ने मुफ्फसिल थाना चाईबासा में लिखित आवेदन देकर बताया था कि उनकी बोरिंग गाड़ी को फाइनेंसिंग के नाम पर छल पूर्वक चोरी कर लिया गया है। आवेदन के आधार पर मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू पश्चिम सिंहभूम(चाईबासा) के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सहायता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए टेबो थाना क्षेत्र के कुन्दुरूगुटू जंगल में एनएच-75 के समीप से चोरी की गई बोरिंग गाड़ी (रजिस्ट्रेशन संख्या KA08C 8935) को बरामद कर लिया। बरामदगी के दौरान गाड़ी पर सवार दो आरोपियों तौहीद अंसारी और एहसान अंसारी को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि बोरिंग गाड़ी में डीजल समाप्त हो जाने के कारण उसे जंगल में खड़ा किया गया था। डीजल मंगाने के लिए अपने अन्य साथी तौहीद खान और साहिल एकराम से संपर्क किया गया था। आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों सहयोगियों को स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH01EZ 8126) एवं 28 लीटर डीजल से भरे ड्रम के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कांड में संलिप्त बोरिंग गाड़ी के चालक रंजीत कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कांड में प्रयुक्त बोरिंग गाड़ी, मोटरसाइकिल, डीजल तथा आठ मोबाइल फोन को जप्त कर लिया है। गिरफ्तार सभी पांचों अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान इस कांड में अपनी-अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। छापामारी टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी पु.अ.नि. विनोद कुमार, टेबो थाना प्रभारी पु.अ.नि. सुशील मरांडी, पु.अ.नि. रामायण सिंह, परि. पु.अ.नि. राजकिशोर तिवारी सहित मुफ्फसिल थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस द्वारा सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

