Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में चार साल के बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बच्चे निर्मल हेम्ब्रम के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
खूंटपानी गांव निवासी बालेमा हेम्ब्रम ने अपने पुत्र के अचानक लापता होने की शिकायत थाने में की थी। इस पर मुफ्फसिल थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसके बाद चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के इचींडा टोला उलीडीह निवासी देवेन्द्र बोदरा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने मासूम के साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी। बच्चे के विरोध करने पर उसने पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने चुईगुटू पहाड़ क्षेत्र से बच्चे का शव बरामद किया। घटना में प्रयुक्त पत्थर को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

