चाईबासा : अंकित शर्मा की शानदार बल्लेबाजी (78 रन) की बदौलत जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब ने प्रताप क्रिकेट क्लब को चार विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। जबकि प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम इस प्रतियोगिता से बाहर हो गई है।

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टॉस जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम ने पूरे 30 ओवर खेलकर आठ विकेट पर 180 रनों का स्कोर खड़ा किया। प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से पंकज सिंह ने 45 तथा आर्यन राणा ने 44 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में अनीश कुमार दास ने 27 तथा प्रतीक अग्रवाल ने 20 रनों का योगदान दिया। जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की ओर से मेराजुल इस्लाम एवं प्रणव त्रिपाठी ने दो-दो जबकि सर्वेश अंसारी तथा सदान आलम ने एक-एक विकेट हासिल किए।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की टीम ने मात्र 17.4 ओवर में छः विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जगन्नाथपुर की ओर से सबसे अच्छी बल्लेबाजी अंकित शर्मा ने की, जिसने मात्र 34 गेंदों पर चार चौके एवं नौ छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 78 रन बनाकर टीम की जीत को आसान बना दिया। अन्य बल्लेबाजों में सदान आलम ने 45 तथा प्रणव त्रिपाठी ने 19 रन बनाए।
प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से रौशन कुमार ने 42 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सुधांशु पॉल, नवीन बोदरा एवं राज कोंडाकेल को एक-एक सफलता हाथ लगी। मंगलवार को विश्राम का दिन है। बुधवार यानी 26 नवंबर को दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फ्रेंडस क्लब चाईबासा का मुकाबला टॉउन क्लब चाईबासा से होगा।
Read Also: Chaibasa News : टोन्टो से अमीता जाने वाले रास्ते पर रोरो नदी पर 6 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी पुलिया

