चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला में नगरपालिका निर्वाचन- 2026 को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। एक ओर प्रत्याशी व मतदाता इस स्थानीय स्वशासन के चुनाव का इंतजार कर रहे हैं तो दूसरी ओर चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की ओर से भी तैयारियों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।

मतदान केंद्रों के बाद स्ट्रांग रूप पहुंचे प्रेक्षक
चाईबासा नगर परिषद (वर्ग-ख) अंतर्गत अधिसूचित सामान्य प्रेक्षक एजाज़ अनवर की ओर से सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, खुंटपानी प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक, सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार की मौजूदगी में चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों और महिला कॉलेज-चाईबासा परिसर अवस्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया गया।
मतदान केंद्रों की सुविधाओं को देखा, निर्वाचन कर्मियों से ली जानकारी
निरीक्षण के क्रम में सामान्य प्रेक्षक द्वारा मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधा की उपलब्धता तथा स्ट्रांग रूम में संधारित व्यवस्थाओं का अवलोकन कर निर्वाचन संबंधित कार्य योजनाओं की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की गई। प्रेक्षक ने पूछताछ के बाद सभी जरूरी जानकारियों का विवरण नोट भी किया।

