चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान 18 वर्षीय अमन गोप के रूप में हुई है, जो मंझारी थाना अंतर्गत ट्रंकुसाइ भरभरिया गांव का रहने वाला था। जख्मी 20 वर्षीय मुरगी चातर भी उसी गांव का रहने वाला है।
मेले से घर लौट रहे थे बाइक सवार
जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह लगभग 4 बजे अमन गोप और मुरगी चातर एक बाइक पर सवार होकर जलघर मेला से घर जा रहे थे। जलघर से कुछ दूर जाने के बाद उनकी बाइक एक खड़ी ट्रक से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को घटना स्थल से उठाकर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमन गोप को मृत घोषित कर दिया और मुरगी चातर को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया है।
परिजनों में शोक की लहर
इस दुर्घटना की खबर सुनकर गांव में शोक की लहर है। अमन गोप के परिवार में उसके माता-पिता और दो बहनें हैं। परिवार का कहना है कि अमन गोप एक होनहार युवक था और उसकी मौत से परिवार को गहरा धक्का लगा है। इस दुर्घटना के बाद पुलिस ने सनहा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

