चक्रधरपुर (West Singhbhum): जिला प्रशासन और अवैध तरीके से बालू का खनन व ब्लैक मार्केटिंग करनेवालों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहता है। प्रशासनिक कार्रवाई में अक्सर अवैध बालू की बरामदगी होती थी लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आते थे। प्रशासन की ओर से इस अवैध काले कारोबार को बंद करने के लिए समय-समय पर योजनाबद्ध तरीके से अभियान भी चलाया जाता रहा है। इसी कड़ी में पश्चिमी सिंहभूम के चकधरपुर जिले में प्रशासन की ओर से बालू माफिया पर जोरदार प्रहार किया गया है।


आधी रात के बाद पांच वाहनों को बालू तस्करी में पकड़ा
ऐसा माना जा रहा है कि चक्रधरपुर में अवैध बालू कारोबार व इस अवैध कारोबार को करनवालों पर प्रशासन ने जोरदार प्रहार किया है। इस कार्रवाई के लिए प्रशासन की ओर से जानबूझकर आधी रात के बाद का समय चुना गया ताकि सटीक कार्रवाई की जा सके। बीती रात 12:30 बजे से 01:30 बजे के बीच चक्रधरपुर-सोनुआ मार्ग पर बिना चालान के अवैध रूप से बालू ढो रहे पांच भारी वाहन रंगे हाथों पकड़े गए।

तीन हाईवा व दो डंपर, लदा था 2500 CFT अवैध बालू
इस अभियन को उस समय सफलता मिली जब चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी पोड़ाहाट श्रुति राज लक्ष्मी ने सख्त कार्रवाई की। इस कार्रवाई में तीन हाईवा और दो डंपर जब्त किए गए। इन पांचों वाहनों में लगभग 2500 CFT अवैध बालू लदा हुआ था।
जब्त किए गए वाहनों में शामिल हैं हाईवा: JH 06L 3272, JH 05 BZ 3932, OD 09A 6361
डंपर: JH 05F 3261, JH 05Y 1734 शामिल हैं। सभी जब्त वाहनों को चक्रधरपुर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित विभाग को सौंपते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

