Home » Coal Mafia : चतरा में वन विभाग के दफ्तर पर कोल माफियों ने बोला हमला, कर्मियों को पीटा, हाजत से 6 बंदियों को छुड़ा ले गए

Coal Mafia : चतरा में वन विभाग के दफ्तर पर कोल माफियों ने बोला हमला, कर्मियों को पीटा, हाजत से 6 बंदियों को छुड़ा ले गए

हंटरगंज क्षेत्र में करीब 25 से 30 हथियारबंद अपराधियों ने वन विभाग के दफ्तर पर धावा बोल दिया। हाजत में रखे गए 6 बंदियों को एवं जब्त हाईवा छुड़ाकर फरार हो गए। वनकर्मियों की पिटाई भी कर दी।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चतरा : चतरा जिले के हंटरगंज क्षेत्र में मंगलवार की देर रात करीब 25 से 30 हथियारबंद अपराधियों ने वन विभाग के दफ्तर पर धावा बोल दिया। अपराधियों ने फिल्मी स्टाईल में वहां जमकर उत्पात मचाया। हाजत में रखे गए 6 बंदियों को छुड़ा ले गए। जब्त हाईवा लेकर फरार हो गए। इस दौरान वनकर्मियों की पिटाई भी कर दी।

समूह बनाकर आए हथियारबंद अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोल दिया। अपराधियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को बंधक बनाकर बुरी तरह पिटाई कर दी। फिर हाजत का ताला तोड़कर बंद 6 लोगों को छुड़ा ले गए। वन विभाग द्वारा जब्त अवैध कोयले से लदे 4 हाईवा और दफ्तर में रखे करीब 27 हजार रुपये कैश भी लूटकर फरार हो गए। हमले में कोल माफियों के हाथ होने की बात कही जा रही है।

​छापेमारी के बाद बौखलाए थे माफिया

​मंगलवार की शाम वन विभाग की टीम ने चेकनाका के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला ले जा रहे 4 हाईवा को पकड़ा था। गाड़ियों को पकड़कर दफ्तर परिसर में खड़ा किया गया था। उनके ड्राइवरों व खलासियों कुल 6 लोगों को हिरासत में लेकर हाजत में बंद कर दिया गया था। ​कार्रवाई से गुस्साए कोयला माफिया और उनके गुंडे रात में दीवार फांदकर दफ्तर के अंदर घुस आए।

अलमारी में रखे 27,660 रुपये भी लूट लिए

अंदर आते ही उन्होंने सबसे पहले वनकर्मियों के मोबाइल छीन लिए ताकि वे किसी को फोन न कर सकें। इसके बाद दफ्तर के दरवाजे तोड़कर सभी अंदर घुस गए। वहां जमकर तोड़फोड़ की और अलमारी में रखे 27,660 रुपये लूट लिए। फिर हाजत से अपने आदमियों को छुड़ा ले गए। चारों हाईवा भी साथ लेते गए।

​पुलिस और वन विभाग में हड़कंप

​इस हमले में ड्यूटी पर तैनात चार वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे। अगले दिन वन विभाग के अधिकारी DFO राहुल कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस और वन विभाग इस मामले को लेकर बेहद सख्त हैं। वाहन मालिकों और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हंटरगंज थाने में तीन अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। पुलिस आरोपियों को पकड़ने और वाहनों को बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Read Also: Ranchi News: हटिया स्टेशन पर मानव तस्करी का पर्दाफाश, चार नाबालिगों को बचाया; एक तस्कर गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment