जम्मू : Chinab Rail Bridge: जम्मू-कश्मीर में बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब रेल ब्रिज पर जल्द ही ट्रेन दौड़ती नजर आएगी। वहीं, बता दें कि चिनाब नदी से लगभग 359 मीटर ऊपर बना यह पुल दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल है। रेलवे अधिकारियों ने रविवार को रामबन जिले के संगलदान और जम्मू कश्मीर के रियासी के बीच नवनिर्मित चिनाब रेल पुल का निरीक्षण किया।

वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पहली ट्रायल ट्रेन संगलदान से रियासी तक सफलतापूर्वक चली है, इसमें चिनाब ब्रिज को पार करना भी शामिल है। यूएसबीआरएल के लिए सभी निर्माण कार्य लगभग समाप्त हो चुके हैं, केवल सुरंग संख्या एक आंशिक रूप से अधूरी है।
इसके साथ ही रेलवे का कहना है कि ट्रैक पर इलेक्ट्रिक इंजन के सफल परीक्षण के बाद संगलदान और रियासी के बीच उद्घाटन ट्रेन 30 जून को चलने की संभावना है। पिछले महीने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधरी ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं का आकलन करने के लिए चिनाब ब्रिज और बक्कल-दुग्गर-सावलकोट-संगलदान खंड का निरीक्षण किया गया था।
Chinab Rail Bridge: एफिल टावर से भी ऊंचा है ये ब्रिज
वहीं, आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब नदी से लगभग 359 मीटर ऊपर बना है और एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन इस पुल को पर्यटक आकर्षण के रूप में विकसित करने की योजना बना रहा है। चिनाब रेल पुल के निर्माण में कुल 30,000 मीट्रिक टन स्टील का उपयोग किया गया है। इस पुल का निर्माण 1486 करोड़ की लागत से किया गया है। यह 260 किमी प्रति घंटे तक की हवा की गति का सामना कर सकता है। इस ब्रिज का निर्माण उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना के तहत किया गया है।
उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना 272 किलोमीटर की है। इसे 1997 में मंजूरी दी गई थी। वहीं, सन 1997 में अपनी शुरुआत के बाद से इस पर 209 किलोमीटर की दूरी का काम हो चुका है। रियासी और कटरा के बीच बाकी 17 किलोमीटर की दूरी इस साल के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है, जो कश्मीर को बाकी हिस्सों से जोड़ देगी।

