बिहार विधानसभा चुनाव से पहले धमकी, पार्टी में मचा हड़कंप

पटनाः लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया है। धमकी मिलने के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट समेत वरिष्ठ नेता साइबर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कराई। पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
अमरेश नामक शख्स ने दी धमकी, 20 जुलाई तक जान से मारने की बात
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमरेश नाम के एक व्यक्ति ने चिराग पासवान को फोन कर धमकी दी कि 20 जुलाई तक उन्हें बम से उड़ा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, धमकी भरा संदेश इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए भी साझा किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच में जुट गई है।
बिहार की कानून-व्यवस्था पर भी उठाया था सवाल
हाल ही में पटना के कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या पर चिराग पासवान ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और प्रशासन पूरी तरह से फेल है। इसी बीच उन्हें मिली धमकी को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
सभी 243 विधानसभा सीटों पर लड़ेंगे चुनाव: चिराग
कुछ दिन पहले ही सारण में आयोजित एक सभा के दौरान चिराग पासवान ने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी बिहार के 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी राज्य में नई राजनीतिक दिशा देने के लिए तैयार है। ऐसे में चुनाव से पहले मिली धमकी को राजनीतिक साजिश भी माना जा रहा है।
पुलिस को सौंपी गई शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही लोजपा (रा) के प्रवक्ता राजेश भट्ट और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता साइबर थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। फिलहाल पुलिस धमकी देने वाले की फोन कॉल और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर रही है।
Also Read: Jharkhand Cabinet Meeting : झारखंड कैबिनेट की बैठक आज, हेमंत सरकार ले सकती है कई बड़े फैसले

