गोरखपुर : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की ओर से मार्च में हीरक जयंती के समापन समारोह का आयोजन होगा। इसमें बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को आमंत्रित किया गया है। हीरक जयंती पर सामाजिक सरोकार से जुड़े विशेष कार्यक्रमों का आयोजन फरवरी महीने तक चलेगा।
त्रिस्तरीय पद्धति से होगा अंतिम विजेता का चयन
विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के अंतिम विजेता का चयन त्रिस्तरीय पद्धति से होगा। इसके लिए तीनों संबद्ध जनपदों के विकास खंड स्तर से लेकर जनपद स्तर तक के महाविद्यालयों, इंटरमीडिएट कॉलेजों, और प्राथमिक विद्यालयों में साहित्यिक, सांस्कृतिक और क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्णय लिया गया है। हर विकास खंड में स्थित एक महाविद्यालय को नोडल घोषित किया जाएगा। नोडल महाविद्यालय अपने विकास खंड में स्थित महाविद्यालयों, इंटरमीडिएट कॉलेजों, और प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रतियोगिता को अपने यहां आयोजित कर ब्लॉक स्तर के विजेताओं को चिह्नित करेगा।
इसी प्रकार जिला मुख्यालय पर भी एक महाविद्यालय को नोडल घोषित किया जाएगा, जो ब्लॉक स्तर के विजेताओं के बीच प्रतियोगिता करा कर जिले का विजेता चुनेगा। तीनों जिलों के विजेताओं की प्रतियोगिता विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी और अंतिम विजेता को चुना जाएगा।
चलेगा सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान
इस अवसर पर गोरखपुर जनपद में संचालित कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद छात्राओं के लिए सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान भी चलाया जाएगा। इसके साथ ही, तीनों जनपदों के आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छता और श्रेष्ठ कार्यप्रणाली के आधार पर उत्कृष्ट केंद्रों का चयन भी किया जाएगा।
इन विशेष कार्यक्रमों का होगा आयोजन
- साहित्यिक, सांस्कृतिक और क्रीड़ा प्रतियोगिताएं: तीनों संबद्ध जनपदों (विकास खंड स्तर से जनपद स्तर तक) के महाविद्यालयों, इंटरमीडिएट कॉलेजों और प्राथमिक विद्यालयों में।
- सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान: गोरखपुर जनपद के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद छात्राओं के लिए।
- स्वच्छता अभियान: आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छता और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के आधार पर उत्कृष्ट केंद्रों का चयन।
अपने सामाजिक दायित्वों को पूरा करने के लिए सतत प्रयासरत है विश्वविद्यालय: कुलपति
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से विश्वविद्यालय अपने सामाजिक दायित्वों को पूरा करने के लिए सतत प्रयासरत है। हीरक जयंती समारोह केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि समाज के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने का भी एक प्रयास है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी ध्यान केंद्रित करना है।”

