
धनबाद : बिहार में बड़े निवेश की घोषणा के बाद धनबाद के कारोबारी महेंद्र शर्मा को कथित रूप से रंगदारी का मैसेज मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम से कारोबारी के बिजनेस पार्टनर के मोबाइल पर वाट्सएप मैसेज भेजा गया। इसमें एकमुश्त पांच करोड़ रुपये और हर महीने 20 लाख रुपये देने की मांग की गई है। कारोबारी ने मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से की है, जिसके बाद मैसेज और संबंधित नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
संपर्क नहीं हुआ तो बिजनेस पार्टनर को भेजा मैसेज
महेंद्र शर्मा धनबाद जिले के निरसा स्थित दूभी इलाके में संचालित अंकुर बायोकेम के मालिक बताए जाते हैं। जानकारी के अनुसार, पहले उनसे वाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क करने का कथित प्रयास किया गया था। लगातार धमकी मिलने के बाद उन्होंने अपना निजी मोबाइल नंबर बदल लिया। नया नंबर नहीं मिलने पर मैसेज उनके कारोबारी सहयोगी एस. साहू के वाट्सएप नंबर पर भेजे जाने का आरोप है।
बताया गया है कि इस बार मैसेज में सीधे धमकी देने के बजाय कारोबार में परेशानी नहीं होने देने, गिरोह चलाने, जेल में बंद सदस्यों की देखभाल और कानूनी खर्च में सहयोग करने की बात लिखी गई। इसके बदले बड़ी रकम की मांग की गई है। हालांकि, मैसेज वास्तव में किसने भेजा, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
₹6000 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से जुड़ा मामला
यह पूरा घटनाक्रम बिहार में करीब छह हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश की घोषणा के बाद सामने आया है। 6 अगस्त 2026 को पटना में आयोजित बिहार बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अंकुर स्टील के नाम से इस निवेश की जानकारी दी थी। प्रस्तावित परियोजना में स्टील प्लांट और बायो-केमिकल से जुड़ी इकाइयां स्थापित करने की योजना बताई गई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इतने बड़ी निवेश की घोषणा के बाद कारोबारी की आर्थिक क्षमता को देखते हुए कथित गिरोह ने उन्हें निशाना बनाया हो सकता है। जांच एजेंसियां निवेश की घोषणा और रंगदारी संदेश के समय के बीच संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही हैं।
पुरानी धमकियों से भी जोड़ी जा रहीं कड़ियां
बताया जा रहा है कि दिसंबर 2025 में भी प्रिंस खान के नाम से ऑडियो जारी कर कारोबारी से पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगा था। बाद में एक अन्य ऑडियो में धमकी वापस लेने की बात कही गई थी। पुलिस अब पुराने घटनाक्रम और नए वाट्सएप मैसेज के बीच संबंध तलाश रही है।
सुरक्षा बढ़ी, तकनीकी जांच जारी
लगातार मिल रही कथित धमकियों को देखते हुए महेंद्र शर्मा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन ने सरकारी अंगरक्षक उपलब्ध कराए हैं, जबकि निजी सुरक्षाकर्मी भी उनके साथ रहते हैं। अंकुर बायोकेम परिसर में आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। पुलिस वाट्सएप नंबर, मैसेज और उसके डिजिटल स्रोत की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मैसेज वास्तव में किस व्यक्ति या गिरोह ने भेजा था।

