Dhanbad : उत्पाद विभाग की टीम ने धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई की है। धनबाद की उत्पाद विभाग की टीम ने इलाके के चार स्थानों पर छापामारी कर बड़े पैमाने पर अवैध शराब बरामद की है। इस छापेमारी में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है।

साथ ही 200 लीटर देसी शराब, 20 लीटर अवैध विदेशी शराब और 800 किलो जावा महुआ जब्त किया गया है। जिस युवक को गिरफ्तार किया गया है, उसका नाम शिवचरण महतो है। वह बलियापुर थाना क्षेत्र के पलानी गांव का रहने वाला है।
पलानी गांव में हो रहा था विदेशी शराब का अवैध धंधा
धनबाद के उत्पाद विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बलियापुर इलाके में अवैध शराब का बड़े पैमाने पर कारोबार हो रहा है। इसके बाद उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर ज्वाय हेंब्रम के नेतृत्व में एक टीम गठित हुई। इस टीम में होमगार्ड के जवानों को भी रखा गया था। टीम ने सबसे पहले बलियापुर थाना क्षेत्र के पलानी गांव में रेड की। यहां अवैध रूप से विदेशी शराब छिपा कर रखी गई थी। इसे टीम ने जब्त किया और यहीं से शिवचरण महतो को गिरफ्तार किया गया। शिवचरण महतो पर आरोप है कि वह देसी और विदेशी अवैध शराब का कारोबार करता है। इसके बाद टीम ने इसी थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ टाउनशिप के सेक्टर 3 बी 88 में छापेमारी की और यहां से 90 लीटर देसी शराब बरामद की गई।
जंगल में बनाई जा रही थी अवैध शराब
इसके बाद जगनकोचा जोरिया के उस पार जंगलों में छापामारी की गई। यहां देसी शराब बनाई जा रही थी। उत्पाद विभाग की टीम ने यहां देसी शराब बनाने की कई भट्ठियां ध्वस्त कर दीं। यहां से 700 किलो जावा महुआ और 100 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई है। इसके बाद टीम ने परगा गांव में छापामारी कर 100 लीटर देसी शराब और 100 किलो जावा महुआ बरामद किया है।
Read Also- Dhanbad Crime : निरसा में अवैध कोयला खनन कर रहे युवक की पत्थर से दब कर मौत

