Dhanbad: धनबाद में लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल की हत्या का मामला सामने आया है। रविवार को सरायढेला थाना क्षेत्र के सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में विकास खंडेलवाल के घर से अमित कुमार अग्रवाल का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि अमित कुमार अग्रवाल सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। परिजनों ने इसकी शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनसे 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी जा रही थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने के बाद मामले की तहकीकात शुरू की। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम ने बताया कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर ही अमित अग्रवाल का शव विकास खंडेलवाल के घर से बरामद हुआ। इसके बाद विकास खंडेलवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
लेनदेन के विवाद में हुई हत्या
पुलिस ने आरोपी विकास खंडेलवाल को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि अमित और विकास खंडेलवाल के बीच एक करोड़ रुपए के लोन सेटलमेंट को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते अमित अग्रवाल की हत्या की गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अन्य कई एंगल से मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम अमित अग्रवाल का अपहरण कर लिया गया था और रविवार को उसका शव बरामद हुआ।

