Dhanbad : केंदुआडीह थाना अंतर्गत में जहरीली गैस लीक की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। गैस के प्रभाव से अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। इसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बुधवार की रात प्रियंका देवी की हालत बिगड़ने के बाद उनकी मौत हो गई थी, जबकि गुरुवार को 62 वर्षीय ललिता देवी ने भी दम तोड़ दिया। प्रशासन का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होंगे। इन घटनाओं के बाद लोग आक्रोषित होकर सड़कों पर निकल आए और जमकर हंगामा हुआ।

बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप
गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने घटना के विरोध में धनबाद-रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने टायर जलाकर जिला प्रशासन और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब तक सुरक्षित पुनर्वास नहीं दिया जाता और गैस के स्रोत को बंद नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। लगभग चार घंटे की वार्ता के बाद सड़क जाम समाप्त किया गया।
गैस के प्रभाव से महिला के मुंह से निकलने लगा झाग
स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ठाकुर के अनुसार मृतक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ी और मुंह से झाग निकलने लगा, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि मौत गैस के प्रभाव और सांस रुकने से हुई हो सकती है। उन्होंने कहा कि अब भी लगभग 20 लोग बीमार हैं और यदि रिसाव बंद नहीं हुआ तो हालात और खराब हो सकते हैं।
ग्रामीण शेख मोहम्मद ने प्रशासन पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वर्षों से चेतावनी दी जा रही है, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, जिससे लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया और डीजीएमएस, सीआईएमएफआर व आईएसएम जैसे विशेषज्ञ संस्थानों की बैठक बुलाकर तत्काल समाधान की मांग की। कई लोग भय के कारण अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों में शरण ले रहे हैं।
गैस प्रभावितों को टेंट में किया जा रहा शिफ्ट
बीसीसीएल पीबी क्षेत्र के महाप्रबंधक जी. साहा ने बताया कि प्रभावित लोगों को दो टेंट बनाकर शिफ्ट किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह इलाका अग्नि प्रभावित है और पहले भी असुरक्षित घोषित किया गया था, लेकिन लोग क्षेत्र खाली करने को तैयार नहीं हुए। उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान तभी संभव है जब पूरा क्षेत्र खाली कराया जाए।
पुटकी के अंचल अधिकारी विकास आनंद ने बताया कि डीजीएमएस की टीम गैस लीक बंद करने की कोशिश कर रही है और लोगों से सहयोग की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर स्वास्थ्य जांच और इलाज में जुटी है। केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने पुष्टि की कि अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है और आगे नुकसान रोकने के लिए कार्रवाई जारी है।
Read Also- Dhanbad News : धनबाद में 5 जगहों पर हो रहा जहरीली गैस का रिसाव, एक बच्चे की मौत, 2 दर्जन बीमार

