रांची : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने 7 जुलाई को अपना जन्मदिन मनाया। लेकिन अब धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में धोनी अपने कुत्तों के साथ केक काटते और उन्हें खिलाते हुए नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि धोनी पेट लवर हैं। उनके पास विदेशी नस्ल के कई कुत्ते हैं।
खास बात ये है कि धोनी ने 151 दिनों बाद कोई वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि उसमें उनके साथ चार प्यारे-प्यारे डॉगी नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में धोनी ने सबसे पहले केट काटा और फिर उसे अपने डॉगी को खिलाया। इसके बाद उन्होंने खुद केक खाया और इस दौरान सभी डॉगी उनके आस-पास मंडराते दिखे।
इस वीडियो में एक बात सबसे ज्यादा हैरान करने वाली यह रही कि जब तक वो केक काटते रहे किसी भी डॉगी ने एक बार भी केक में मुंह लगाने की कोशिश नहीं की।
पसंद किया जा रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर 5 महीने बाद कोई पोस्ट करने वाले धोनी ने इंस्टाग्राम पर डाले गए इस वीडियो में कैप्शन में लिखा कि ‘आप सभी की हार्दिक शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद, मैंने अपने जन्मदिन पर जो किया उसकी एक झलक। धोनी द्वारा शेयर किया गया वीडियो फैन्स को खूब पसंद आया। 30 मिनट से भी कम समय में वीडियो पर 13 लाख लाइक्स और 90 हजार कमेंट्स आ चुके हैं। फैंस ने कमेंट्स में उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
https://www.instagram.com/mahi7781/?hl=en
2020 में धोनी ने लिया था संन्यास
धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, वह आईपीएल खेलते रहे। धोनी ने अब तक 250 आईपीएल मैचों में 5082 रन बनाए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो 90 टेस्ट में उन्होंने 4876 रन, 350 वनडे में 10,773 रन और 98 टी20 में 1617 रन बनाए। वह अभी भी आईपीएल में खेलते हैं। उन्होंने इस सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स को चैंपियन बनाया था। धोनी की कप्तानी में चेन्नई की टीम पांच बार खिताब जीत चुकी है।

