सेंट्रल डेस्क: छतीसगढ़ के दुर्ग से एक ऐसी चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुन आप दंग रह जाएंगे। दुर्ग के डीएसपी ने एक डॉक्टर की पत्नी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जाता है कि पीड़ित महिला डीएसपी के रिश्तेदारी में आती है। रिश्तेदारी होने के कारण पुलिस अधीक्षक का महिला के घर आना-जाना था, इसी का फायदा उठाकर डीएसपी ने महिला के साथ पहले मारपीट की और फिर उसका रेप किया।
नक्सल प्रभावित सुकमा में है डीएसपी की पोस्टिंग
इस मामले में दुर्ग के मोहन नगर थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। आरोपी डीएसपी का नाम तोमेश वर्मा है जो नक्सली क्षेत्र सुकमा जिले के जगरगुंडा में एसडीओपी है। महिला के अनुसार, 2020 में आरोपी डीएसपी तोमेश अपने परिवार के साथ उसके घर आया था और वहीं रुका था। उस समय वह प्लॉट खरीदने के लिए घर आया था। महिला के कहे अनुसार, उसी वक्त डीएसपी साहब की नीयत खराब हो गई थी।
महिला का आरोप- जबरन घर में घुसकर पहले मारपीट की
महिला का आरोप है कि डीएसपी 31 अगस्त 2024 को शाम 7.30 बजे उसके घर दोबारा आया था। उस समय महिला घर में अकेली थी और उसका पति किसी काम से पाटन गया हुआ था और बेटा कोचिंग गया हुआ था। पीड़ित महिला ने बताया कि उसने डीएसपी को घर के भीतर आने से रोका, लेकिन वह जबरन भीतर घुस गया। इसके बाद महिला के रोके जाने पर उसने उसके साथ मारपीट की और फिर जबरन बलात्कार किया और इसके बाद वहां से चला गया।
पति के लौटने के बाद बताई सारी घटना
पीड़िता का पति जब पाटन से वापस आया, तो उसने उसे सारी बात बताई। शुरूआत में बदनामी के डर से पति-पत्नी चुप रहे, लेकिन इस घटना के बाद से महिला अवसाद में रहने लगी और तनाव में चली गई। पत्नी को तनाव में देखकर पति ने एफआईआर दर्ज कराने की सोची और फिर मोहन नगर थाने में मामला दर्ज हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आरोपी डीएसपी को हिरासत में लेने की तैयारी
इस मामले के बाद से पुलिस अधिकारी ऑन कैमरा बात करने को तैयार नहीं है, क्यों कि आरोपी खुद एक पुलिस अधिकारी है। दुर्ग के एसपी जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि पीड़िता की शिकायत मिली है, जिसके बाद केस दर्ज किया गया है। महिला के आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपी डीएसपी तोमेश को जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।

