दुमका : दुमका रेलवे स्टेशन के पास रिंग रोड के एएन कालेज मोड़ पर बुधवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। गैस लाइटर लदे एक ट्रक को पीछे से चिप्स लदे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से लाइटर लदा वाहन दूर जाकर धू-धू कर जलने लगा। इस आग से निकली लपटों से चिप्स लदे ट्रेलर ने भी आग पकड़ ली। इसके अतिरिक्त एक अन्य खाली ट्रेलर व डंपर में भी आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि चारों वाहन जल कर राख हो गए। वहीं, इस ऐक्सीडेंट में ट्रेलर के उप चालक की झुलस कर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, दो अन्य झुलसे हुए लोगों को इलाज के लिए फूलोझानो मेडिकल कालेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार के बांका का रहने वाला है मृतक
मृतक व एक घायल की पहचान हो गई है। दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं हैं। इधर, लाइटर लदे वाहन से लगातार विस्फोट होने की वजह से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक उमेश कुमार बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र के दोना पाथर गांव का रहने वाला था। वह चिप्स लदे ट्रेलर का चालक था। वही घायल संतोष कुमार बांका के बेलहर का रहने वाला है। यह चिप्स लदे ट्रेलर का खलासी था।

वाहनों की आग बुझाने में लगे हैं दो दमकल
हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आगलगी की सूचना मिलने पर मौके पर दो दमकल पहुंच और आग पर काबू पाने की पहल शुरु कर दी गई। दमकल से तीन वाहनों में लगी आग पर बहुत हद तक काबू पा लिया गया है। मगर, लाइटर लदे वाहन में लगी आग बुझाने में काफी दिक्कत आ रही है।
घटनास्थल पर मौजूद हैं अधिकारी
घटना स्थल पर दुमका के एसडीओ कौशल कुमार और डीटीओ समेत कई पदाधिकारी व पुलिस की टीम भी मौजूद है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अभी तक आग पर पूरी तरह से नियंत्रण नहीं पाया जा सका है।

