चक्रधरपुर : ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में सोमवार को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पंहुचने के पहले एक कोच की ब्रेक बाइंडिंग से धुआं निकलने से ट्रेन में अफरातफरी मच गई। सूचना चक्रधरपुर स्टेशन मास्टर को दिए जाने के बाद ट्रेन को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। इसके बाद, सीएंडडब्ल्यु विभाग के कर्मचारियों ने ब्रेक बाइंडिंग की गड़बड़ी को ठीक कर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया। हालांकि, इस सबंध में स्टेशन मास्टर और सीएंडडब्ल्यु विभाग के रजिस्टर में इस घटना का कोई जिक्र नहीं किया गया है। इससे कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा से मुबंई जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस बड़ा बांबो स्टेशन से पार होने के बाद ट्रेन के कोच संख्या बी-9 के नीचे लगे ब्रेक बाइंडिंग से धुआं निकलते दिखाई दिया। इस घटना की सूचना कंट्रोल को दिए जाने पर ट्रेन को चक्रधरपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या में एक पर 10.20 बजे पर रोक दिया गया। सीएंड डब्ल्यु विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की तत्परता से ब्रेक बाइडिंग की त्रुटि को सही किया गया। ट्रेन को सुरक्षित 10 बजकर 28 मिनट में मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया। दुरंतो एक्सप्रेस के कोच से धूंआ निकलने की घटना रेलवे में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पिछले सप्ताह वंदे भारत में घटी थी घटना
बताते चलें कि पिछले सप्ताह हावड़ा से राउरकेला जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में चक्रधरपुर रेल मंडल के टुनिया स्टेशन में ब्रेक बाइंडिंग में गहन त्रुटि आई थी। इसके कारण ट्रेन के एक कोच में काफी धुंआ निकलते दिखाई दिया था।

