Jamshedpur : जमशेदपुर के डीसी आफिस सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शनिवार को यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं के रोकथाम के लिए जरूरी सुरक्षात्मक उपाय, सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से अनुपालन के साथ-साथ हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान एवं अन्य संबंधित मुद्दों पर मंथन किया गया।
समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि पूर्व से चिह्नित ब्लैकस्पॉट में पिछले साल दिसंबर में कोई सड़क दुर्घटना नहीं हुई है। लेकिन उस महीने सड़क दुर्घटनाओं में ज्यादातार मौतें चालकों की लापरवाही से हुईं। दिसंबर में हुई 34 सड़क दुर्घटनाओं में 20 लोगों ने दम तोड़ा। इनमें 16 लोगों की मौत बाइक चलाने के दौरान हेलमेट नहीं पहनने की वजह से हुई। वहीं कुछ मौतों में गलत दिशा में वाहन चलाने, वाहनों की तेज रफ्तार और ड्रिक एंड ड्राइव भी कारण बने हैं।
उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को और बड़े पैमाने पर चलाने को कहा। खाय कर स्कूल-कॉलेज के बच्चों के बीच जागरूकता लाने और ट्रैफिक पुलिस को सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। एमवीआई को ग्रामीण क्षेत्र के थाना क्षेत्रों में भी निरंतर यातायात नियमों के अनुपालन के लिए वाहन जांच अभियान चलाए जाने का निर्देश दिया गया।
उत्पाद विभाग के पदाधिकारी से कहा गया है कि लाइसेंसी शराब दुकानों के आसपास होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों और गैरलाइसेंसी स्थलों में शराब का सेवन और बिक्री नहीं हो, इस पर निरंतर निगरानी रखें। उपायुक्त ने हिट एंड रन से संबंधित इंश्योरेंस कंपनी के पास लंबित मामलों की पुनर्समीक्षा कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुलजी आनंदजी, एडीसी संतोष गर्ग, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक नीरज, डीएसपी हेडक्वार्टर भोला प्रसाद व अन्य डीएसपी, एमवीआई सूरज हेंब्रम समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल थे।
351 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड, 23 लाख रुपये वसूला गया जुर्माना
दिसंबर में सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने पर 351 वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया गया। वाहन जांच अभियान में हेलमेट, सीटबेल्ट का प्रयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित अन्य मामलों में 23 लाख 81 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया। 2689 नए ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए, जिनमें 2264 पुरूष एवं 425 महिलाएं शामिल हैं।

