रामगढ़ : हाल के दिनों में रेल ट्रैक पर पत्थर और गैस सिलेंडर तक मिले हैं, जिससे ट्रेनें दुर्घटनाग्रस्त तक हुई हैं, अब नया मामला झारखंड से है, जहां रेलवे ट्रैक के बीचों बीच एक बड़ा चट्टान पड़ा हुआ मिला है। इसे देखने से लगता है कि किसी ने साजिश के तहत योजनाबद्ध तरीके से इस चट्टान को रख दिया है।
कारण चाहे जो हो, फिलहाल यही बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार को सिधवार-सांकी रेलखंड के बीच टनल नंबर-2 के पास ऊपर से एक बड़ा चट्टान रेलवे ट्रैक पर अचानक आ गिरा। इस दौरान सांकी से बरकाकाना लौट रहा इंजन इसकी चपेट में आ गया। चट्टान इंजन के आगे वाले हिस्से के नीचे फंसकर काफी दूर घिसटता हुआ टनल के अंदर चला गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

रांची से रामगढ़ के सिधवार-सांकी रेलखंड की पटरी पर गिरा चट्टान
जानकारी के अनुसार, सिधवार-सांकी रेलखंड में भारी बारिश के कारण टनल नंबर-2 के पास 148/06 किलोमीटर के पास सांकी स्टेशन से बरकाकाना आ रहा इंजन जैसे ही टनल के पास पहुंचा, इसी दौरान पहाड़ से एक चट्टान ऊपर से ट्रैक पर आ गिरा और इंजन के नीचे दोनों पहियों के बीच फंस गया। इस दौरान करीब 100 मीटर तक फंसा हुआ चट्टान घिसटता हुआ टनल के अंदर तक पहुंच गया। इससे रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के कारण रेलवे ट्रैक के करीब 100 स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके साथ ही जगह-जगह से ट्रैक टेढ़ा भी हो गया है। हालांकि रेलवे द्वारा पहाड़ से चट्टान न गिरे, इसके लिए रेलवे ट्रैक पर जाली लगाने का काम चल रहा है। इसके बावजूद इस बड़े चट्टान को जाल रोक नहीं पाया।
रेस्क्यू टीम पहुंची घटनास्थल
वहीं, दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रबंधन की पूरी टीम रेस्क्यू ट्रेन के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई है। टीम इंजन के नीचे बड़े चट्टान को निकालने का प्रयास कर रही है।
वंदेभारत समेत ट्रेनों के रूट परिवर्तन
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद रेल मंडल ने बरकाकाना-रांची वाया सांकी बीआईटी मेसरा रूट पर एक बार फिर वंदे भारत और एक एक्सप्रेस ट्रेन के रूट को डायवर्ट कर दिया गया है। ज्ञात हो कि पटना-रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस और आसनसोल-हटिया-आसनसोल एक्सप्रेस बरकाकाना, सिधवार, हेहल, सांकी, बीआईटी मेसरा, टाटीसिलवे, रांची तक जाती थी, लेकिन अब यह ट्रेनें मुरी के रास्ते बरकाकाना तक आएगी।
अब इस रूट से जाएगी ट्रेनें
धनबाद के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक और वरीय जनसंपर्क अधिकारी अमरेश कुमार ने प्रेस रिलीज जारी कर यह जानकारी दी है। इसमें बताया गया है कि सिधवार-सांकी रेलखंड में भारी बारिश के कारण अगली अधिसूचना तक ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इसमें 18 सितंबर को खुलने वाली गाड़ी संख्या 22349- 22350 पटना-रांची-पटना वंदेभारत एक्सप्रेस बरकाकाना-मुरी-रांची के रास्ते जाएगी। वहीं, 18 सितंबर से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13513- 13514 आसनसोल-हटिया-आसनसोल एक्सप्रेस बरकाकाना-मुरी-रांची के रास्ते चलाई जाएगी।
बढ़ जाएगा सफर का समय
रांची-पटना के बीच चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों को एक बार फिर कुछ दिनों के लिए दूसरे रूट से आना-जाना पड़ेगा। वंदेभारत समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट को अगले आदेश तक डायवर्ट कर दिया गया है। अब यात्रियों को बरकाकाना से रांची पहुंचने के लिए एक घंटे से अधिक समय लगेगा। मुरी से रांची जाने में भी अब ज्यादा समय लगेगा।
Read Also- Vande Bharat Fare : मात्र 485 से शुरू है वंदे भारत का किराया, जानें कहां के लिए कितने का टिकट

