पलामू : झारखंड के पलामू जिले में शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा में गुरुवार देर रात एक किराना दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। अगलगी की इस घटना में किराना दुकान में रखे 2 डीप फ्रीजर समेत करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे दुकान के मालिक नागेंद्र पांडेय ने बताया कि रात में वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी शहर थाना को दी। सूचना मिलने पर शहर थाना के प्रभारी ज्योति लाल रजवार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दुकानदार ने बताया कि अगलगी की इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। घटना के बाद उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। हालांकि इस बात का पता नहीं चल सका है कि दुकान में आग कैसे लगी। प्रथम दृष्टया शाॅर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। वैसे पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

