गढ़वा/Garhwa Accident: गढ़वा-चिनियां मार्ग पर चिनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत सावधान मोड़ घाटी के समीप सोमवार की सुबह दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक कन्हाई साह 55 वर्ष चिनियां थाना क्षेत्र के चपकली गांव का रहने वाला था। जबकि घायलों में मृतक की पत्नी कुंती देवी तथा एक अन्य मोटरसाइकिल सवार चिनियां थाना क्षेत्र के खुरा गांव निवासी महेंद्र भुइयां पिता स्व. फागु भुइयां शामिल हैं। दोनों घायलों का गढ़वा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार कन्हाई साह अपनी पत्नी कुंती देवी के साथ मोटरसाइकिल से चपकली गांव से गढ़वा आ रहा था। जबकि डंडई थाना क्षेत्र के तसरार गांव स्थित एक ईंट भट्ठा पर बतौर मजदूर काम करने वाले महेंद्र भुइयां ने अपनी मोटरसाइकिल पर एक अन्य मजदूर रंका थाना क्षेत्र के भलुआनी गांव निवासी जितेंद्र भुइयां पिता सुखबीर भुइयां के साथ खुरा गांव की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महेंद्र भुइयां शराब के नशे में धुत था। इस दौरान सावधान घाटी के समीप दोनों मोटरसाइकिलों में आमने-सामने की टक्कर हो गई।
इस घटना में कन्हाई साह, कुंती देवी एवं महेंद्र भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल भेजवाया गया। लेकिन रास्ते में ही कन्हाई साह की मौत हो गई। सदर अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सक ने कन्हाई साह को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर उसके शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर मृतक के स्वजनों को सौंप दिया। मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

