घाटशिला : घाटशिला कॉलेज में प्रथम बार बंगला विभाग की ओर से 16 अप्रैल को बंगला वर्ष वरण उत्सव 1433 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर कॉलेज के बंगला विभाग के अध्यक्ष डॉ संदीप चंद्र अपने विभागीय शिक्षक डा. चिरंतन महतो एवं प्रो सरजु पाल के साथ प्राचार्य डॉ आरके चौधरी से मिले। प्राचार्य ने बंगला संस्कृति से जुड़े इस आयोजन के लिए अपनी सहमति देते हुए कहा कि इस आयोजन में पूरा सहयोग करेंगे। तत्पश्चात् घाटशिला की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था विभूति स्मृति संसद के अध्यक्ष देवी प्रसाद मुखर्जी, सांस्कृतिक सचिव सुशांत शिट, अनूप दत्त व डॉ रत्ना मुखर्जी, गौरीकुंज उन्नयन समिति के अध्यक्ष तापस चटर्जी मृणाल कांति विश्वास कॉलेज आकर प्राचार्य डॉ आर के चौधरी से मिले तथा बंगला वर्ष वरण उत्सव के आयोजन में पूर्ण सहयोग करने का प्रस्ताव दिया।
10 बजे निकलेगी शोभा यात्रा
प्राचार्य ने इस आयोजन को इन दोनों संस्था के संयुक्त सहयोग से बृहद स्तर पर आयोजित करने के लिए बांग्ला विभाग के अध्यक्ष को निर्देशित किया है।
कार्यक्रम संयोजक डॉ संदीप चंद्र ने बताया कि इस कार्यक्रम का शुभारंभ शोभा यात्रा से होगा। इसमें 16 अप्रैल को दिन के 10 बजे कॉलेज परिसर से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। उक्त शोभायात्रा में घाटशिला के एसडीओ सुनील चंद्र एवं प्राचार्य डॉ आर के चौधरी मुख्य रूप से शामिल होंगे। शोभा यात्रा कॉलेज परिसर से निकलकर विभूति स्मृति संसद परिसर तक जाएगी तथा वहां से वापस आकर कॉलेज के सभागार में समाप्त होगी। सभागार में सांस्कृतिक आयोजन के साथ बंगला पुस्तक का विमोचन भी किया किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय के बंगला विभाग की विभागाध्यक्षा डा संचिता भुइ सेन भाग लेंगी। समारोह की अध्यक्षता कालेज के प्राचार्य डॉ आर के चौधरी करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सहयोग के लिए घाटशिला के प्रमुख बंगला संस्थाओं से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

