Giridih : झारखंड के गिरिडीह में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीजीएसटी विभाग के एक कमिश्नर और एक इंस्पेक्टर को कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद झारखंड के जमशेदपुर और बिहार के नालंदा स्थित आरोपियों के आवासों पर भी एक साथ छापेमारी की गई।
गिरफ्तार अधिकारियों में सीजीएसटी कमिश्नर बुद्धेश्वर सुंडी और जीएसटी इंस्पेक्टर बिरजू कुमार शामिल हैं। सीबीआई की धनबाद टीम ने बुधवार को गिरिडीह स्थित जीएसटी कार्यालय में जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई।मामला गिरिडीह के बिरनी प्रखंड के खाती गांव निवासी राजू अंसारी से जुड़ा है, जो सरकारी योजनाओं में ईंट, बालू और गिट्टी की सप्लाई करते हैं।
आरोप है कि जीएसटी बिल और इनवॉइस से जुड़े मामले में राहत देने के नाम पर उनसे रिश्वत मांगी गई थी। शुरुआत में 90 हजार रुपये की मांग की गई, लेकिन बाद में सौदा 65 हजार रुपये में तय हुआ। इसकी पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाने थे।पीड़ित ने मामले की जानकारी भाकपा-माले नेता राजेश सिन्हा को दी, जिसके बाद सीबीआई को शिकायत सौंपी गई। शिकायत मिलते ही सीबीआई की विशेष टीम ने योजना बनाकर जीएसटी कार्यालय में ट्रैप बिछाया।
जैसे ही रिश्वत की रकम इंस्पेक्टर को सौंपी गई, टीम ने तुरंत दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई के बाद सीबीआई ने गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और अन्य रिकॉर्ड की जांच की गई। इसके साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच को आगे बढ़ाते हुए सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने झारखंड के जमशेदपुर और बिहार के नालंदा स्थित आरोपियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की। फिलहाल बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों अधिकारियों को आगे की पूछताछ के लिए धनबाद ले जाया गया है।

