Giridih: बगोदर–बिष्णुगढ़ मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपरैली बोदरा गांव के समीप माल लदे एक ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर हजारीबाग से बगोदर की ओर जा रहा था, जबकि ट्रक बगोदर से हजारीबाग की दिशा में आ रहा था। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, हालांकि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मुख्य सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर और बिष्णुगढ़ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हादसे के बाद एक चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई और गैस कटर की मदद से केबिन को काटा गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक और एक खलासी सहित कुल तीन लोग घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिष्णुगढ़ अस्पताल रेफर किया गया, जबकि केबिन में फंसे चालक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
मौके पर बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव और बिष्णुगढ़ थाना प्रभारी सपन कुमार महथा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Also Read: Railway News : हाथियों की आवाजाही से टाटानगर रेलखंड प्रभावित, कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द

