Home » गुमला में कुएं से बरामद हुआ  दो साल के मासूम का शव, मां रहस्यमय ढंग से लापता; गांव में सनसनी

गुमला में कुएं से बरामद हुआ  दो साल के मासूम का शव, मां रहस्यमय ढंग से लापता; गांव में सनसनी

by Vivek Sharma
रांची के रातू क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले से एक व्यक्ति की मौत, इलाके में दहशत, वन विभाग सतर्क।
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla:  चैनपुर थाना क्षेत्र के छीछवानी गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के एक खेत में स्थित कुएं से 2 वर्षीय मासूम बच्चे की लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और शोक का माहौल है।

बताते हैं कि छीछवानी गांव की रहने वाली मनीता कुमारी गुरुवार देर रात करीब दो बजे अपने दो साल के बेटे को लेकर घर से निकली थी। इसके बाद से मां-बेटे दोनों लापता थे। परिजन और ग्रामीण रात भर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

शुक्रवार सुबह गांव के ही सिलास लकड़ा जब अपने खेत में सिंचाई के लिए कुएं के पास पहुंचे, तो उन्होंने कुएं के पानी में बच्चे का शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल गांव के मुखिया पोलिडोर एक्का को दी गई, जिसके बाद चैनपुर थाना पुलिस को अवगत कराया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। कुछ ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि बच्चे की मां का पास के एक युवक से प्रेम प्रसंग था, और इसी वजह से यह वारदात हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

चैनपुर थाना के एसआई अशोक कुमार और अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बच्चे की मां अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles