Hazaribag : हजारीबाग में नगर निकाय चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों के निर्वाचन व्यय रजिस्टर की जांच की तारीख निर्धारित कर दी गई है। जिला प्रशासन ने यह तारीख निर्धारित की है। साथ ही उस स्थल का भी निर्धारण कर दिया गया है, जहां उम्मीदवारों को अपने व्यय रजिस्टर की जांच करानी है। सभी उम्मीदवारों से कहा गया है कि वह निर्धारित तिथि पर निर्धारित स्थल पर जाकर अपने चुनावी खर्च की जांच कराएं और चुनावी खर्च से अधिकारियों को अवगत कराएं।

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया की सभी उम्मीदवारों को 11 फरवरी, 16 फरवरी और 20 फरवरी को अपने व्यय रजिस्टर की जांच करानी है। यह जांच सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक की जाएगी। वार्ड संख्या 1 से 12 तक के वार्ड पार्षद उम्मीदवारों को जिला समाहरणालय सभागार में जांच के लिए बुलाया गया है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की जांच भी यहीं होगी।
वार्ड संख्या 13 से 24 तक के उम्मीदवारों की यहां होगी जांच
वार्ड संख्या 13 से 24 तक के उम्मीदवारों की जांच भी जिला समाहरणालय में होगी। यह जांच जिला समाहरणालय की दूसरी मंजिल पर की जाएगी।
वार्ड संख्या 25 से 36 तक के उम्मीदवारों की यहां होगी जांच
इसके अलावा वार्ड संख्या 25 से वार्ड संख्या 36 तक के सभी प्रत्याशियों के व्यय खर्च की जांच समाहरणालय के ग्राउंड फ्लोर पर की जाएगी। निर्वाचन व्यय कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वह निर्धारित तिथि और समय पर निर्धारित स्थल पर आकर अपने व्यय लेखा रजिस्टर की जरूर जांच कराएं। ऐसा नहीं करने पर इसे लापरवाही मानते हुए कार्रवाई होगी।

