Hazaribag : हजारीबाग जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

कई इलाकों में मारी गई है रेड
हजारीबाग पुलिस को हाल के दिनों में नशा तस्करी से जुड़ी लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इन सूचनाओं का सत्यापन कर कटकमदाग, लोहसिंघना और इचाक थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान, ब्राउन शुगर और गांजा की भारी मात्रा बरामद की गई।
हजारीबाग के एएसपी अमित कुमार ने बताया कि 16 फरवरी को कटकमदाग थाना क्षेत्र के सुल्ताना गांव में डीपू के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कुछ आरोपी भागने लगे, लेकिन खदेड़ कर सभी को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए। इसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए और गिरफ्तारियां की गईं।
कटकमदाग थाना क्षेत्र से लगभग 111.72 ग्राम ब्राउन शुगर, 17,160 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल, एक स्कॉर्पियो वाहन और नशीले पदार्थ तौलने की मशीनें बरामद की गईं। वहीं लोहसिंघना थाना क्षेत्र से करीब 17 ग्राम ब्राउन शुगर, लगभग 2 किलोग्राम गांजा और 47 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। इचाक थाना क्षेत्र से भी ब्राउन शुगर और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।
Read Also: Hazaribagh Double Murder : हजारीबाग में शिक्षक के माता-पिता की हत्या, जानें क्या है पूरा मामला

