खेल डेस्क : विश्व कप एक दिवसीय क्रिकेट 2023 (ICC World Cup Cricket 2023) से पहले वॉर्म-अप मैच खेले जा रहे हैं। टीम इंडिया का पहला वॉर्म-अप मैच इंग्लैंड से है यह मुकाबला आज शनिवार को गुवाहाटी में खेला जाएगा। अगर टीम इंडिया का इंग्लैंड के खिलाफ वनडे रिकॉर्ड देखें तो वह प्रभावी रहा है। टीम इंडिया ने 106 में से 57 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं इंग्लैंड ने 44 मैच जीते हैं।

धोनी ने बनाए हैं इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन
अगर इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट पर नजर डालें तो इसमें महेंद्र सिंह धोनी पहले नंबर पर हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले वाला वॉर्म-अप मैच गुवाहटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा। लेकिन आज गुवाहटी में बारिश की पूरी संभावना जताई जा रही है। आज गुवाहटी में 50-55 प्रतिशत बारिश आने के आसार हैं। हालांकि मुकाबले की शुरुआत दोपहर दो बजे से होनी है। उस समय तक बारिश की संभावना घटकर करीब 25 प्रतिशत हो जाएगी।
टीमों के पास प्लेइंग इलेवन चुनने का मौका
इस मुकाबले में दोनों ही टीमें अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन के साथ उतरकर विश्व कप की तैयारियों को आखिरी रूप दे सकती हैं। दोनों टीमों के पास वर्ल्ड कप के लिए अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन चुनने का यह बेहतरीन मौका है।बता दें कि वॉर्मअप मैच में सभी 15 खिलाड़ियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, बल्लेबाजी 11 खिलाड़ी ही करेंगे, लेकिन प्लेइंग इलेवन चुनने की जरूरत नहीं होगी। कोई भी कहीं पर भी बल्लेबाजी कर सकता है और कोई भी कहीं पर भी गेंदबाजी कर सकता है।
भारत के स्पिनर्स के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
भारत के स्पिनरों कुलदीप यादव, रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जाडेजा के पास खुद को परखने का यह अच्छा मौका होगा। इस मैच में भारत के सभी गेंदबाजों को कुछ ओवर करने को मिल सकते हैं। इंग्लैंड टीम का सबसे मजबूत पक्ष उसकी बल्लेबाजी में गहराई का होना है। ऑलराउंडर सैम कुरन आठवें और क्रिस वोक्स नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरते हैं। भारतीय बल्लेबाजों में श्रेयस अय्यर को मध्य क्रम में जगह मिलना तय है। वह स्पिनरों को अच्छी तरह से खेलते हैं लेकिन अक्सर चोटिल हो जाने के कारण उनका मामला गड़बड़ा जाता है। ऐसे में ईशान किशन परिदृश्य में आ जाते हैं जो बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उन्होंने मौका मिलने पर प्रत्येक बल्लेबाजी क्रम में खुद को साबित किया है।
भारत का स्क्वॉड
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव।
इंग्लैंड का स्क्वॉड
जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, सैम करन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल राशिद, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स, रीस टॉपले, डेविड विली, मार्क वुड, क्रिस वोक्स
कहां देख सकते हैं वॉर्म-अप मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग?
वॉर्म-अप मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग फ्री में डिज्नी+ हॉटस्टार पर देख सकते हैं। वहीं, आईसीसी वर्ल्ड कप के वॉर्म-अप मैचों का टीवी पर सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा।
ये है टीम इंडिया के वॉर्म-अप मैचों का शेड्यूल
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया पहला वॉर्म-अप मैच 30 सितंबर को गुवाहाटी में इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी। वहीं, टीम इंडिया को अपना दूसरा वॉर्म-अप मैच 3 अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ खेलना है। मेजबान भारत मुख्य ड्रॉ में अपने सभी 9 मैच अलग-अलग स्थान पर खेलेगा।वही शुक्रवार को 2023 वनडे वर्ल्ड कप के वॉर्मअप मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंद दिया। रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान से मिले 346 रनों के विशाल लक्ष्य को 38 गेंद पहले ही हासिल कर लिया।
READ ALSO : वर्ल्ड कप की टीम में अक्षर की जगह अश्विन की एंट्री, चोट के कारण पटेल बाहर
गुवाहाटी में हो चुका है बांग्लादेश-श्रीलंका का वार्मअप मैच
भारत में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले वार्म अप मैच खेले जा रहे हैं। इस दौरान बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच वार्म मैच का आयोजन गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में किया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम 49.1 ओवर में 263 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद बांग्लादेश ने सिर्फ 42 ओवर में 3 विकेट खोकर 264 रन बना इस मैच को बड़ी आसानी से जीत लिया।

