Tax Compliance को लेकर Reporting Entities और PAN Validation पर बल
Jamshedpur (Jharkhand): आयकर विभाग (सूचना एवं आपराधिक अन्वेषण), जमशेदपुर द्वारा ई-वेरिफिकेशन स्कीम-2021 के तहत गुरुवार को चांडिल में एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार उप-पंजीयक कार्यालय, चांडिल, जमशेदपुर, झारखंड परिसर में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य करदाताओं और संबंधित सूचना प्रदाताओं (Reporting Entities) को वित्तीय लेनदेन (SFT) और PAN सत्यापन के अनुपालन को लेकर जानकारी देना था।
राजीव कुमार की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता आयकर अधिकारी राजीव कुमार (सूचना एवं आपराधिक अन्वेषण, जमशेदपुर) ने की। उन्होंने प्रतिभागियों को ई-वेरिफिकेशन स्कीम-2021 की बारीकियों से अवगत कराते हुए यह समझाया कि SFT रिपोर्टिंग में समयबद्धता क्यों जरूरी है।
श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि वित्तीय लेनदेन की सही और समय पर रिपोर्टिंग से आयकर विभाग नए करदाताओं की पहचान कर उचित कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि कई बार तकनीकी जानकारी के अभाव में SFT रिपोर्टिंग या तो देर से होती है या छूट जाती है, जिससे विभाग को राजस्व की हानि होती है और AIS (Annual Information Statement) में करदाताओं की समुचित जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाती।
फार्म-61, 61A और ITDREIN पर TAN Registration की दी गई जानकारी
राजीव कुमार ने फार्म-61 और 61ए की समय पर फाइलिंग तथा ITDREIN पोर्टल पर TAN आधारित पंजीकरण की अनिवार्यता पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि सूचना प्रदाताओं को SFT अपलोड करने से पहले TAN से जुड़ी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए, ताकि डाटा निर्बाध रूप से विभाग तक पहुंचे।
ये अधिकारी थे उपस्थित
सेमिनार में उप-पंजीयक कार्यालय, चांडिल के प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार समेत उनके अन्य सहयोगी उपस्थित थे। वहीं आयकर विभाग के निरीक्षक रूपक प्रसाद और कार्यालय अधीक्षक नितेश कुमार श्रीवास्तव भी सेमिनार में शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों ने समय पर और सटीक SFT रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई और विभागीय सहयोग को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया।

