लखनऊ : उत्तर प्रदेश में इस समय मार्च के महीने में जो गर्मी महसूस की जा रही है, वह मई का अहसास दिला रही है। दिन में तेज धूप और बढ़ती गर्मी से लोग परेशान होने लगे हैं। मौसम में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण प्रदेश में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। हालांकि, अगले 72 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
आज गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना
20 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की उम्मीद जताई गई है, जो 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। खासतौर पर बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली और अन्य जिलों में बादल गरजने के साथ बिजली चमकने और तेज हवा चलने का अनुमान है। इसके अलावा, जौनपुर, वाराणसी, आजमगढ़, बलिया, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जैसे क्षेत्रों में भी तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना है।
21 और 22 को भी बारिश के आसार
21 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 22 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 23 मार्च के बाद मौसम में सुधार हो सकता है और प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा।

