Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 26 फरवरी को जमशेदपुर आगमन प्रस्तावित है। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति कदमा स्थित जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के एक कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगी।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, सीआईडी मनोज कौशिक तथा ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने की तैयारी की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, आपात चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन प्रबंध, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। साथ ही प्रशासनिक दृष्टिकोण से जरूरी तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजकों से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी ली गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रपति आगमन से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने, सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने और कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त की ओर से कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा भी व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि राष्ट्रपति का यह दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे तय समय-सीमा के भीतर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

