जमशेदपुर। जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात ग्रामीणों की सतर्कता से बकरी चोरी की एक बड़ी घटना टल गई। बेलगोड़ा टोला में चोरी की नीयत से घुसे तीन युवकों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। उनके पास से हथियार के साथ डायरी भी बरामद की गई है जिसकी जांच की जा रही है।
घटना रात करीब एक बजे की है, जब आरोपी लालमोहन महतो के घर में दाखिल हुए। संयोगवश घर के लोग उस समय जाग रहे थे, जिससे हलचल होते ही ग्रामीण सतर्क हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत घेराबंदी कर दी और भाग रहे आरोपियों में से दो को झाड़ियों में दबोच लिया।
हथियार बरामद, बढ़ी गंभीरता
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने दो भुजाली और एक डायरी समेत अन्य सामान बरामद किया है। इस बरामदगी से यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, ये युवक इससे पहले केंदडीह टोला में भी एक घर से बाइक चोरी का प्रयास कर चुके थे, लेकिन उस समय पकड़े जाने से बच निकले थे।बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार युवक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
लगातार चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से इस इलाके में बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में डर और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है।
Read Also: http://Koderma Accident: कोडरमा में दो सड़क हादसे, डेढ़ वर्षीया बच्ची की मौत, सात घायल

