
Jamshedpur : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित शांतिनगर के पास स्वर्णरेखा नदी के बीच चट्टान पर मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
बताते हैं कि स्थानीय युवक परशुराम नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान उसकी नजर चट्टान पर पड़े शव पर पड़ी। उसने तुरंत उलीडीह ओपी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
इधर, आदित्यपुर के आषंगी डैम में डूबे मीर हसीन तनवीर के परिजनों को भी सूचना दी गई। परिजन स्थानीय मछुआरों के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान करने का प्रयास किया। हालांकि, शव से तेज दुर्गंध आने के कारण मछुआरे उसके पास तक नहीं पहुंच सके। बाद में परिजनों ने स्पष्ट किया कि यह शव मीर हसीन तनवीर का नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक ने नीले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहन रखी है। समाचार लिखे जाने तक शव नदी के बीच चट्टान पर ही पड़ा था और उसे बाहर नहीं निकाला जा सका था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव को बाहर निकालने के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
Read Also: Jamshedpur News : सोनारी में शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण, सर्वदलीय नेताओं ने दी श्रद्धांजलि


