Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने लव जिहाद के नाम पर अपनी बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

व्यक्ति ने एसएसपी को ज्ञापन देकर बेटी की सकुशल वापसी के लिए गुहार लगाई है। इस संबंध में माता-पिता ने सोमवार को एसएसपी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को पप्पू नाम से परिचय देने वाले युवक ने अपनी जाति और पहचान छुपाकर प्रेमजाल में फंसाया और लव जिहाद के लिए उसे भगा ले गया।
आवेदन के अनुसार, युवती की दोस्ती कॉलेज आते-जाते समय पप्पू नामक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे उसके व्यवहार और धार्मिक आस्था में बदलाव आने लगा। वह घर के पूजा-पाठ से दूरी बनाने लगी। माता-पिता ने उसकी शादी तय कर तैयारी शुरू की, जिसके लिए बड़ी मुश्किल से जेवर और नकदी जुटाई गई थी।
इसी बीच 9 नवंबर को युवती घर से गायब हो गई। वह घर में रखे जेवरात और नकदी भी साथ ले गई थी। परिजनों ने उसकी सहेलियों से जानकारी ली तो पता चला कि पप्पू का असली नाम सलमान खान है और वह टेल्को बारीनगर का रहने वाला है। लड़की के मोबाइल पर संपर्क होने पर उसने कहा कि वह फिलिस्तीन में अत्याचार से दुखी है और इसका बदला लेने के लिए सलमान का साथ देगी और इस्लाम धर्म अपनाकर जिहाद करेगी।
परिजनों का कहना है कि सलमान ने झूठी पहचान बताकर पहले उससे दोस्ती की, फिर धीरे-धीरे उसके विचारों को प्रभावित किया और माइंड वॉश कर अपने साथ भागने के लिए मजबूर किया। इससे परिवार गहरे सदमे में है।
युवती के पिता ने पुलिस से अपील की है कि उनकी बेटी को तुरंत खोजकर सुरक्षित वापस लाया जाए। उन्होंने सलमान खान पर कार्रवाई करने, उसकी पहचान और गतिविधियों की जांच कराने और चोरी हुए पैसे और जेवरात बरामद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को छल और धार्मिक कट्टरता के जाल में फंसाकर भगाया गया है। एसएसपी पीयूष पांडेय ने हिंदुस्तान समाचार एजेंसी को बताया कि आवेदन मिला है, पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।

