Jamshedpur : झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा मंगलवार से जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में शुरू हो गई। पहले दिन दोनों ही परीक्षाएं शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुईं। पहली पाली में सुबह 9.45 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक मैट्रिक की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें आईटी एवं वोकेशनल विषय की परीक्षा हुई। इस परीक्षा में कुल 3914 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 44 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 5186 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 54 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। वोकेशनल विषय की परीक्षा होने के कारण कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या कम रही और कुछ केंद्रों पर मात्र 5 से 7 छात्र ही परीक्षा देते नजर आए।
परीक्षा देकर बाहर निकली मैट्रिक परीक्षार्थी सुमन कुमारी ने बताया कि पहला पेपर होने के कारण थोड़ी घबराहट थी, लेकिन प्रश्नपत्र औसत स्तर का था और परीक्षा अच्छी रही। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही उड़न दस्ता दल का गठन कर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया गया।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। परीक्षार्थियों को सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। बुधवार को मैट्रिक में हिंदी ए व बी विषय की, जबकि इंटरमीडिएट में इकाेनाॅमिक्स व एंथ्राेपाेलाॅजी विषय की परीक्षा हाेगी।

